पीएनएन ब्रेकिंग :— 28 सितम्बर को दो पहिया वाहनो पर हिलोरे मारेगे भाजयुमो कार्यकर्ता ।

पांवटा साहिब। भारतीय जनता युवा मोर्चा विधानसभा पांवटा साहिब की एक महत्वपूर्ण बैठक युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष संयम गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चरणजीत सिंह चौधरी, नितिन शर्मा तथा भाजपा मंडल महामंत्री तरनजीत सिंह गिल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी 28 सितंबर 2026, सोमवार को प्रातः 11:00 बजे रामलीला मैदान पांवटा साहिब में आयोजित होने वाले जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, विधायक सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता सहित वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

बातापुल से रामलीला मैदान तक निकलेगी युवा शक्ति की बाइक रैली

बैठक में निर्णय लिया गया कि भाजयुमो द्वारा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का बातापुल चौक पर सैकड़ों युवाओं के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात बातापुल चौक से बाइक रैली एवं रोड शो का आयोजन किया जाएगा।

बाइक रैली बातापुल चौक से SAS चौक भूपपुर, बद्रीपुर चौक, Y-Point चौक, मुख्य बाजार होते हुए रामलीला मैदान तक पहुंचेगी। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

इसके साथ ही युवा मोर्चा द्वारा रामलीला मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल सहित मुख्य बाजार एवं शहर के प्रमुख चौकों को पार्टी के झंडों से सजाया जाएगा, ताकि कार्यक्रम को भव्य स्वरूप दिया जा सके।

रोजगार के मुद्दे पर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन का निर्णय

बैठक में युवाओं से जुड़े रोजगार के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने का भी निर्णय लिया गया। युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार देने के किए गए वादों को लेकर युवा वर्ग में रोष है, जिसके विरोध में युवा मोर्चा आगामी कार्यक्रम के दौरान जोरदार प्रदर्शन करेगा।

खस्ताहाल सड़कों को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बैठक के उपरांत युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने एसडीएम पांवटा साहिब को क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों की स्थिति को लेकर ज्ञापन सौंपा। युवा मोर्चा ने प्रशासन से सड़कों की शीघ्र मरम्मत करवाने की मांग की।

युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि इससे पूर्व भी सड़कों की खराब स्थिति को लेकर प्रशासन के समक्ष मामला उठाया गया था और उन्हें बरसात समाप्त होने के बाद सड़कों को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया गया था। अब बरसात का दौर समाप्त होने के बाद सड़कों की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू किया जाना चाहिए, ताकि आम जनता और वाहन चालकों को राहत मिल सके।

बैठक में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में भाजयुमो महामंत्री हितेंद्र कुमार, दीपांशु राणा, पवन पटियाल, अविनाश झाबा, सुनील चौधरी, हर्ष चौधरी, हेमराज चौधरी, रजत कुमार, देव कुमार, रोहित कुमार, सोमनाथ सिंह, गुलशन ग्रोवर, अमन खापड़ा, साहिल धवन सहित युवा मोर्चा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने 28 सितंबर के जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने तथा अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *