पांवटा साहिब। सालवाला स्कूल की होनहार छात्रा वाणी ने राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपने स्कूल, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस शानदार उपलब्धि पर मजदूर नेता प्रदीप चौहान और SMC प्रधान सुरेश चौहान ने वाणी को सम्मानित किया और प्रोत्साहन स्वरूप एक छोटी-सी राशि भेंट की।
इस अवसर पर प्रदीप चौहान ने वाणी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता कड़ी मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जब वाणी राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने जाएंगी, तो उन्हें ट्रैक सूट भेंट किया जाएगा और भविष्य में भी उनकी हरसंभव मदद की जाएगी।
पीटीआई ओम प्रकाश शर्मा के प्रयासों की सराहना
मजदूर नेता प्रदीप चौहान ने सालवाला स्कूल के पीटीआई ओम प्रकाश शर्मा जी के प्रयासों और मेहनत की विशेष रूप से सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश शर्मा जी ने वाणी को उचित मार्गदर्शन दिलाने और एक अच्छे कोच से प्रशिक्षण प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों और सहयोग से वाणी को अपनी प्रतिभा निखारने और इस मुकाम तक पहुंचने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि जब से ओम प्रकाश शर्मा जी सालवाला स्कूल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, तब से स्कूल के विद्यार्थी खेल प्रतियोगिताओं में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। खेलों के प्रति उनका समर्पण और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की मेहनत सराहनीय है।
